भारतीय नौसेना ने विवादित दक्षिण चीन सागर में तैनात किया युद्धपोत
- Advertisement -
नई दिल्ली- लद्दाख में भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव के मद्देनजर भारतीय नौसेना ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय नौसेना ने दक्षिण चीन सागर में एक युद्धपोत तैनात किया है। दक्षिण चीन सागर पर चीन का अपने पड़ोसियों के साथ विवाद है। चीन दक्षिण चीन सागर के अधिकांश भाग पर अपना हक जताता है जबकि उसके पड़ोसी चीन के इस दावे को नकारते हैं। दक्षिण चीन सागर पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय भी चीनी पक्ष को नकार चुका है।
सरकार से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि गालवान वैली में हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे, जिसके बाद भारत ने दक्षिण चीन सागर में एक युद्धपोत तैनात किया है। इस युद्धपोत को उस इलाके में तैनात किया गया है, जहां पीपल्स लिबरेशन आर्मी की नौसेना ने किसी भी अन्य फोर्स की मौजूदगी पर ऐतराज जताया था। चीनी नेवी का दावा था कि दक्षिणी चीनी सागर का अधिकांश हिस्सा उसके क्षेत्र में आता है।
बेहद गोपनीय रहा नौसेना का मिशन
सूत्रों ने बताया कि दक्षिण चीन सागर में अमेरिकी नौसेना ने भी अपने विध्वंसक और फ्रिगेट तैनात किए थे। यहां अपने युद्धपोत की तैनाती के दौरान भारतीय युद्धपोत लगातार अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ संपर्क बनाए हुए थे। उन्होंने कहा कि रूटीन ड्रिल के हिस्से के रूप में, भारतीय युद्धपोत को लगातार अन्य देशों के सैन्य जहाजों की आवाजाही की स्थिति के बारे में अपडेट किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक चकाचौंध से बचने के लिए पूरे मिशन को बहुत ही गोपनीय तरीके से किया गया।
मलक्का स्ट्रेट पर भारत ने तैनात किए अग्रणी श्रेणी के पोत
- Advertisement -
इसी दौरान, भारतीय नौसेना ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास मलक्का स्ट्रेट्स में चीनी नौसेना की गतिविधि पर नजर रखने के लिए अपने फ्रंटलाइन जहाजों को तैनात किया। चीनी नौसेना इसी रास्ते से हिंद महासागर में प्रवेश करती है। इसके अलावा कई चीनी जहाज भी तेल या मर्चेंट शिपमेंट्स के साथ अन्य महाद्वीपों से आकर इसी रास्ते से गुजरते हैं।
- Advertisement -
सूत्रों ने कहा कि भारतीय नौसेना पूर्वी या पश्चिमी मोर्चे पर विरोधियों द्वारा किसी भी दुस्साहस का जवाब देने में पूरी तरह से सक्षम है और मिशन-बेस्ड तैनाती ने हिंद महासागर क्षेत्र और इसके आसपास लगातार उभर रही स्थितियों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने में मदद की है।
चीनी नौसेना पर भारत की कड़ी नजर
सूत्रों ने कहा कि पीपल्स लिबरेशन आर्मी की नौसेना के जहाजों की मलक्का स्ट्रेट्स से लेकर हिंद महासागर में होने वाली मूवमेंट पर नजर रखने के लिए भारतीय नौसेना अंडरवाटर जहाजों, अन्य मानवरहित सिस्टमों और सेंसरों को तुरंत हासिल कर तैनात करने की योजना बना रही है। इसके अलावा भारतीय नौसेना जिबूती इलाके के आसपास मौजूद चीनी जहाजों पर भी नजर बनाए रखे हुए है। नौसेना ने राष्ट्रीय हितों के लिए आसपास के इलाके में अपने असेट्स तैनात किए हैं।
पहली बार नौसेना ने वायु सेना के साथ तैनात किए मिग-29 K
सूत्रों के मुताबिक, नौसेना ने वायुसेना के एक महत्वपूर्ण बेस पर अपने मिग-29 K लड़ाकू विमानों को भी तैनात किया है। नौसेना 10 नेवल शिपबॉर्न मानव रहित हवाई वाहनों की खरीद पर भी काम कर रही है। इनके लिए 1,245 करोड़ रुपये से अधिक का सौदा होने की उम्मीद है।
- Advertisement -