ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े बैंक कर्मी की हत्या, ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप
- Advertisement -
नोएडा– थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के डी पार्क के पास आज सुबह को एक बैंककर्मी की हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक का एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था। मृतक के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बताया कि इंदिरापुरम गाजियाबाद के रहने वाले मंजीत मिश्रा एक बैंक में टेक्निकल पद पर कार्य करते थे। वह आज सुबह को थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में स्थित अपने बैंक के डेटा ऑफिस में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि आज सुबह को वह लहूलुहान अवस्था में मिले हैं। आसपास के लोगों में चर्चा है कि उनको गोली मारी गई है। उन्हें गंभीर हालत में एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतक ने एक वर्ष पूर्व एक युवती से शादी की थी। दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। युवती ठाकुर बिरादरी से संबंध रखती है। उन्होंने बताया की शादी के समय से ही मृतक और उसके ससुराल पक्ष के लोगों के बीच तनाव चल रहा था। उसके साले और ससुर ने उसकी हत्या की धमकी दी थी। इस मामले में थाना इंदिरापुरम में पूर्व में दोनों पक्षों के बीच मिडिएशन हो चुका है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने उसके ससुर और साले पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि मृतक के ससुर और साले का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
- Advertisement -