सोनीपत पुलिस की कार पलटी, महिला हेड कांस्टेबल समेत 2 की मौत
- Advertisement -
नोएडा। हरियाणा राज्य के जनपद सोनीपत पुलिस अगवा हुई एक किशोरी को छत्तीसगढ़ से बरामद कर वापस लौट रही थी, तभी उनकी कार थाना दनकौर क्षेत्र में आज सुबह 5.30 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में सहायक उप निरीक्षक वेदपाल सिंह, वीरपाल सिंह, हेड कांस्टेबल बबीता, ड्राइवर प्रदीप, बरामद लड़की के पिता व अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको तत्काल उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डाक्टरों ने महिला हेड कांस्टेबल बबीता व ड्राइवर प्रदीप निवासी गोपालपुर थाना खरखोदा जनपद सोनीपत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि अन्य लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के सोनीपत में तैनात महिला हेड कांस्टेबिल बबीता तथा अन्य पुलिस कर्मचारी हरियाणा से अपहृत की गई एक किशोरी को बरामद कर छत्तीसगढ़ से वापस हरियाणा लौट रहे थे। यह सभी अर्टिगा कार में सवार थे। आज सुबह करीब 5.30 बजे जब उनकी कार ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेवे पर सलारपुर अंडरपास के पास पहुंची तो कार अचानक से अनियंत्रित हो गई और कार डिवाइडर से टकराकर एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर पलट गई। हादसा होते ही कार सवार सभी 9 लोगों में चीखपुकार मच गई। उन्होंने बताया कि थाना दनकौर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना पाकर जनपद सोनीपत पुलिस के आला अधिकारी भी नोएडा पहुंच गए हैं।
- Advertisement -