डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, जीतेंगे 350 से अधिक सीटें
लखनऊ – उत्तरप्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह सबसे पहले भारतीय जनता पार्टाी के कार्यकर्ता हैं। अगर पार्टी कहेगी तो विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हूं। जहां से कहेगी, वहां से लडऩे के लिए तैयार हूं। केशव प्रसाद मौर्या भी योगी आदित्यनाथ की तरह विधान परिषद सदस्य हैैं।
हमने भ्रष्टाचार का दरवाजा बंद किया
देवरिया के श्री नारायण प्रसाद शाही आदर्श इंटर कालेज बरियारपुर में आयोजित किसान सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने कहा कि राजनीतिक जीवन वाला हर व्यक्ति चुनाव लड़ता है और पार्टी के कहने पर मैं भी चुनाव लड़ सकता हूँ। इससे पूर्व किसान सम्मेलन के मंच से उप मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा कि बुआ-भतीजे की सरकार ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। हमने भ्रष्टाचार का दरवाजा बंद किया तो उनके पेट में दर्द शुरू हो गया है। कन्नौज में इत्र व्यवसायी के यहां से 280 करोड़ रुपये बरामद होने पर अखिलेश यादव घबरा गए हैं।
केशव मौर्या ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी सरकार में चार घंटे भी बिजली नहीं देने वाले अब पूरी बिजली निःशुल्क देने की बात कर रहे हैं। असल बात तो ये है कि अखिलेश झूठ बोलने की स्वचालित मशीन हैं। सपा को 2022 के चुनाव की तैयारी और प्रयास बंद कर देना चाहिए। उसे चाहिए कि 2027 की तैयारी करे। प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, 22 से 24 घंटे बिजली मिल रही है। गन्ना किसानों को रिकार्ड भुगतान किया गया। बंद चीनी मिलें चलाने के साथ नई चीनी मिलें लगवाई गईं। विकास कार्यों की बदौलत भाजपा उत्तर प्रदेश में 350 से अधिक सीटें जीतेगी।
इसे भी पढ़े –
उत्तरप्रदेश बन रहा है देश की ग्रोथ का इंजन- गोपाल कृष्ण अग्रवाल